आजादी के 79 साल बाद भी छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के कई गांव बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित

Chhattisgarh Crimesआजादी के 79 साल बाद भी छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के कई गांव बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। नक्सलवाद और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण लंबे समय तक इन गांवों तक ग्रिड से बिजली पहुंचाना चुनौती रहा। अब इन गांवों को रोशन करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है।

अब तक बस्तर के इन गांवों को रोशन करने के लिए वैकल्पिक माध्यमों का उपयोग किया जाता रहा है। सोलर सिस्टम के माध्यम से गांवों को रोशन करने की कोशिश की गई। सोलर सिस्टम के मेंटनेंस और बैटरी आधारित सिस्टम नहीं होने के कारण कई तरह की दिक्कतें सामने आती रही हैं। इसलिए बस्तर के गांवों को ग्रिड से जोड़ने की प्लानिंग की गई। नक्सलवाद के कारण अब तक यह संभव नहीं हो पाया।

प्रदेश अब नक्सलवाद से मुक्त हो गया है। इसलिए इन गांवों में बिजली के तार, खंभे पहुंचाने का रास्ता आसान हो सका है। केंद्र सरकार के आदिम जाति कल्याण विभाग ने दी 435 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। प्रोजेक्ट के लिए लगने वाली शेष राशि राज्य सरकार देगी। इससे पूरे क्षेत्र को ग्रिड से जोड़ने के काम होंगे।

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह एवं ऊर्जा सचिव सारांश मित्तर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में काम शुरू हो गया है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने बताया कि अब इन गांवों को रोशन करने की दिशा में पहल की गई है।

पहले चरण में 19 गांव में होंगे 13.68 करोड़ के काम

बिजली कंपनी ने 23 नवंबर को योजना के तहत निविदा जारी की है। बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर क्षेत्र के गांवों के लिए टेंडर बुलाए गए हैं। टेंडर में शामिल प्रमुख गांवों में बीजापुर जिले के मेटापाल, चोकखनपाल, पदमूर, कोरमेटा, हल्लूर, मल्लेपल्ली, बेलामलेंद्र एवं गुंजाकोंटा शामिल हैं।

सुकमा जिले के ताड़मेटला, तेतराई, तुमलपाड़-2, करिगंडम, सिंगारम, मोसलमडगु-2, कोसामपाड़, पालेकाटी एवं दुर्मा में भी बिजली पहुंचाई जाएगी। दंतेवाड़ा जिले के लावा और नारायणपुर जिले के वाकुड गांव को भी इस योजना में शामिल किया गया है। इनमें कुल नौ काम शामिल हैं। इनकी अनुमानित लागत लगभग 13 करोड़ 68 लाख रुपये है। शेष 161 गांव के लिए जल्द टेंडर जारी किया जाएगा।

घने जंगल में माइक्रो ग्रिड क्यों है जरूरी

घनें जंगल या कोर टाइगर रिजर्व एरिया में बिजली के खंभे गड़ाने और लाइन खींचने में कई तरह के प्रतिबंध होते हैं। वन विभाग इसकी अनुमति नहीं देता। इन प्रतिबंधों के कारण इस क्षेत्र में बसे गांवों तक बिजली पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। इसलिए यहां बिजली पहुंचाने के लिए पावर कंपनियां माइक्रो ग्रिड सिस्टम अपनाती हैं।

इसके तहत बड़े-बड़े सोलर पैनल लगाए जाते हैं। ये सोलर पैनल बैटरी आधारित होते हैं। बैटरी आधारित होने के कारण दिन में बनने वाली बिजली बैटरी में सुरक्षित रहती है। इससे रात में भी गांवों तक बिजली सप्लाई जारी रहती है। छत्तीसगढ़ पावर कंपनी टाइगर रिजर्व एरिया में इस सिस्टम से बिजली पहुंचाएगी।

अफसरों के अनुसार इसकी एक बड़ी वजह यह है कि टाइगर रिजर्व एरिया में बहुत अधिक काम होने से वन्य प्राणियों की प्राइवेसी में भी बाधा पहुंचती है। अफसरों के अनुसार नियद नेल्लानार योजना और क्रेडा विभाग के सहयोग से बस्तर के 95 गांव और पंचायतों में सोलर सिस्टम से बिजली पहुंचाई गई।