लिव-इन में रह रही महिला ने अधेड़ उम्र के प्रेमी की कर दी हत्या

Chhattisgarh Crimes

दुर्ग। जिले में लिव-इन में रह रही महिला ने अधेड़ उम्र के प्रेमी की हत्या कर दी। शराब के नशे में वो उसके साथ मारपीट कर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। इसलिए सब्बल से हमला कर उसे मार डाला। उतई पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

दरअसल, 12 अगस्त को चुनकट्टा गांव में खेत का चौकीदार मोहन साहू (50) अपने सर्वेंट क्वार्टर में लहूलुहान हालत में मिला। उसे बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

एक महीने पहले द्रोपदी को लेकर आया था

ओडिशा के बरगढ़ निवासी मोहन साहू पिछले तीन साल से हितेंद्र सिन्हा के चौहान बाड़ी (खेत) की रखवाली कर रहा था। हितेंद्र सिन्हा ने पुलिस को बताया कि, चौकीदार को खेत में बने क्वार्टर को उसके रहने के लिए दिया था। वो वहां अकेले ही रहता था। लेकिन एक महीने पहले ही द्रोपदी उर्फ रानी को अपने साथ लाया। उसे अपनी पत्नी बताकर रखा था।

घटना के दिन से महिला गायब थी। इसलिए पुलिस को उस पर शक हुआ, लेकिन हितेंद्र उस महिला के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाया। पुलिस को जांच में पता चला कि द्रोपदी बलौदाबाजार जिले के ग्राम तिल्दा की रहने वाली है। उसे पकड़कर पूछताछ की गई।

मोहन शराब पीकर करता था मारपीट

महिला ने पुलिस को बताया कि, मोहन शराब पीने का आदी था। नशे में अक्सर गाली-गलौज कर मारपीट करता था। उसे छोड़कर जाने की बात कहती तो अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। इससे तंग आकर महिला ने सब्बल से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसका मोबाइल और बैग लेकर अपने पास रखा लिया, फिर घर में ताला लगाकर भाग गई।

मोबाइल बंद होने पर खेत आया था मालिक

खेत मालिक हितेन्द्र सिन्हा ने बताया कि, घटना के दिन सुबह उसने मोहन को फोन लगाया, तो मोबाइल बंद आ रहा था। उसका फोन कभी बंद नहीं रहता था, इसलिए वो सुबह 8 बजे बाड़ी पहुंचा। सर्वेंट क्वार्टर के कमरे में ताला लगा मिला। लेकिन कमरे के अंदर से किसी के कराहने की आवाज आ रही थी।

जब हितेन्द्र ने कमरे का ताला तोड़ा, तो मोहन गंभीर रूप से घायल पड़ा था। उसके साथ रहने वाली महिला द्रोपदी गायब थी। इसके बाद वो मोहन को जिला अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

द्रोपदी को रायपुर स्टेशन से लेकर आया था मोहन

द्रोपदी ने पुलिस को बताया कि, 14 जुलाई को अपने पति केशर डहरिया को यह कहकर निकली थी कि वो अपने माता-पिता के पास जा रही है। रायपुर स्टेशन पर अकेली ट्रेन के इंतजार में बैठी थी। इसी दौरान मोहन साहू आया और पूछा कि, कहां जा रही हो अकेली कैसे बैठी हो।

द्रोपदी ने मोहन को अपनी पूरी कहानी बताई, तो मोहन ने उसे अपने साथ चलने के लिए कहा। इसके बाद द्रोपदी मोहन के साथ रहने के लिए चुनकट्टा गांव आ गई थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Exit mobile version