छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ के जंगल एक मादा भालू अपने छोटे बच्चे को बचाने के लिए बाघ से भिड़ गई। कुछ देर तक भालू और बाघ के बीच संघर्ष होता है, लेकिन मादा भालू पीछे नहीं हटती। वह लगातार बाघ से भिड़ती रहती है। अंत में बाघ को हार मानकर वहां से भागना पड़ता है।
भालू और बाघ के बीच भिड़ंत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को वन मंत्री केदार कश्यप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। वन विभाग के अनुसार, दोनों जानवर सुरक्षित हैं। भालू के बच्चे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
जंगल सफारी के दौरान बनाया गया वीडियो
यह मामला नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ के पांगुड़ के जंगल का है। इस जंगल में मादा भालू और बाघ के बीच भिड़ंत का वीडियो वहां मौजूद एक ग्रामीण ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। जो अब वायरल हो गया है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बाघ धीरे-धीरे भालू के बच्चे की ओर बढ़ता है। वह उस पर हमला करने ही वाला था कि अचानक मादा भालू झाड़ियों से बाहर निकलकर वहां आ जाती है और बाघ के सामने खड़ी हो जाती है।
मां के पीछे छिपता दिखा भालू
दोनों के बीच कुछ सेकेंड तक लड़ाई होती है। लेकिन मादा भालू पीछे नहीं हटती। वह अपने बच्चे की जान बचाने के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना बाघ से लड़ती है। इस बीच भालू का बच्चा मां के पीछे छिपता भी दिखता है। आखिरकार बाघ डर कर वहां से चला जाता है, और मादा भालू अपने बच्चे को मुंह में दबाकर आगे निकल जाती है।
वीडियो को वन मंत्री ने किया शेयर
इस वीडियो को छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने भी एक्स पर पोस्ट किया है और लिखा, ‘मां आखिर मां होती है..’ अबूझमाड़ के पांगुड़ में बन रही नई सड़क के बीच में मादा भालू अपने बच्चे को टाइगर से बचाने भिड़ गई। मां की ममत्व के आगे टाइगर को वहां से भागना पड़ा।
दोनों जानवर सुरक्षित
वन विभाग के मुताबिक अच्छी बात ये है कि मादा भालू और उसका बच्चा सुरक्षित है। साथ ही बाघ को भी कोई चोट नहीं आई। दोनों जानवर बाद में अपने-अपने रास्ते चले गए।