छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से जा टकराई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में कार में सवार दो लोग घायल हो गए। इस हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह डैमेज हो गया और कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में घायलों को मौके पर मौजूद ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। यह घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुर के पास नेशनल हाईवे की है।

घटना 15 जून को दोपहर की है, जब कार क्रमांक CG05 AQ 1251 में सवार दो व्यक्ति कांकेर की ओर से आ रहे थे। ग्राम संबलपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर कार की स्पीड काफी तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे डिवाइडर से टकरा गया।

कार का आगे का हिस्सा चकनाचूर

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला दाहिना हिस्सा बुरी तरह से चकनाचूर हो गया। कार का इंजन ऑयल सड़क पर फैल गया और वाहन हाईवे के बीचों-बीच रुक गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों को दूसरी दिशा से डायवर्ट करना पड़ा।

एयरबैग खुलने से बची कार सवार की जान

हादसे के दौरान कार के दोनों एयरबैग खुल गए, जिससे सवारों की जान बची। हालांकि, एक व्यक्ति के पैर में फ्रैक्चर हो गया है, जबकि दूसरे को हल्की चोटें आई हैं। आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल अस्पताल में दोनों का इलाज जारी है।

स्पीड की वजह से हुआ हादसा

हादसे की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने डैमेज कार को क्रेन की मदद से हाईवे से हटाया और ट्रैफिक को सामान्य किया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि हादसे की मुख्य वजह वाहन की तेज रफ्तार थी।

Exit mobile version