
नई दिल्ली. संसद के दोनों सदनों में बुधवार को अडाणी मामले को लेकर काफी हंगामा देखने को मिला. विपक्ष अडाणी मामले की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराने की मांग पर अड़ा रहा, तो केंद्र ने भी कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों पर हमला बोलने में कोई कसर नहीं छोड़ी. इस बीच, राज्यसभा में एक वक्त ऐसा भी आया जब पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा. यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपनी हंसी रोके बिना नहीं रह सके.
#WATCH | Rajya Sabha Chairman Jagdeep Dhankhar in exchange with LoP Mallikarjun Kharge who is demanding JPC on the Adani issue says, "it seems you will set up a JPC on me."
(Video source: Sansad TV) pic.twitter.com/hGEt7oPeGz
— ANI (@ANI) February 8, 2023
दरअसल, अडाणी मुद्दे पर जेपीसी की मांग कर रहे विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे राज्यसभा में अपनी बात रख रहे थे. इसी दौरान उन्होंने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ से कहा, ‘आप तो संविधान बहुत पढ़े हैं क्योंकि बहुत ही जानेमाने एडवोकेट हैं, जब आप वकालत करते थे शुरू-शुरू में… आपने कहा था कि हाथ से पैसे गिनते थे… जब इनकी वकालत बढ़ती गई, तो फिर ये मशीन से पैसे गिनने लगे…’ इसके जवाब में सभापति ने कहा, ‘ऐसा मैंने नहीं कहा, लगता है आप मेरे ऊपर जेपीसी बिठा दोगे.’ फिर क्या था… इतना सुनते ही पूरा सदन हंसने लगा. इस दौरान वहां मौजूद पीएम मोदी भी हंसते हुए नजर आए.