
पतगंवा निवासी मूलचंद चौधरी ने पुलिस को बताया कि वे दुर्गा चौक पेंड्रा में ऑनलाइन सेंटर चलाते हैं। वे अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में भारत लाल की किराना दुकान खुली देखकर वे बच्चों के लिए चॉकलेट खरीदने रुके। चॉकलेट की कीमत 100 रुपए थी, जिसका भुगतान मूलचंद ऑनलाइन माध्यम से कर रहे थे। इसी दौरान नेटवर्क की समस्या के कारण पेमेंट फेल हो गया।
पेमेंट न होने से नाराज किराना दुकानदार भारतलाल ने मूलचंद को ताना मारते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर दुकान में मौजूद धरम कुमार और उसके अन्य साथियों ने भी मूलचंद के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर मूलचंद का गला पकड़ा, उन्हें जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा।
मारपीट के दौरान मूलचंद ने अपने ससुर रोहित चौधरी और साले राजकुमार चौधरी को फोन करके मौके पर बुलाया। उनकी मौजूदगी में भी आरोपी मूलचंद के साथ मारपीट करते रहे। इस हमले में मूलचंद के दाहिने हाथ, दाहिने पैर के पंजे और गले में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं, जिससे उनके हाथ-पैर में सूजन और तेज दर्द है।
पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर पेंड्रा पुलिस ने आरोपी धरम कुमार, भरत लाल साहू और उनके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।