अगले 24 घंटे में रायपुर पहुंच सकता है मानसून

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच बुधवार को मानसून की एंट्री हुई है। गुरुवार को बस्तर संभाग के लगभग सभी जिलों को मानसून ने कवर कर लिया। अगले 24 से 48 घंटों में मानसून रायपुर में एंट्री कर सकता है। रायपुर में मानसून के पहुंचने की नॉर्मल डेट 16 जून है। इस बीच बलौदाबाजार में गुरुवार शाम को तेज बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई जबकि 8 लोग घायल हैं।

आज भी रायपुर-दुर्ग, बिलासपुर समेत सभी जिलों में येलो अलर्ट है। गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। बिजली गिर सकती है। इसके बावजूद अगले 48 घंटों में प्रदेश के औसत तापमान में 2 से 4 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है।

इस साल औसत से ज्यादा बारिश का अनुमान

समय से पहले मानसून की एंट्री से मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार प्रदेश में औसत से ज्यादा बारिश हो सकती है। वहीं गुरुवार को पूरे प्रदेश में 670 मिमी बारिश हुई है।

मई में नॉर्मल से लगभग 11 गुना ज्यादा पानी बरस चुका

छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच पिछले छह दिनों में लगभग 5,050 मिलीमीटर पानी बरस चुका है, जो मई में होने वाली सामान्य बारिश से लगभग 11 गुना ज्यादा है। मौसम विभाग के मुताबिक मई में बारिश का सामान्य कोटा 430 मिमी से 450 मिमी के आसपास रहता है, लेकिन इस बार बारिश ज्यादा है।

आज भी प्रदेश के सभी जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश तेज बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बस्तर समेत 9 जिलों के अधिकांश जगहों में बारिश होने की उम्मीद है। रायपुर–दुर्ग सहित 8 जिलों के अनेक स्थानों में बारिश होगी। 7 जिलों के कुछ और बाकी जिलों के एक–दो जगहों पर बारिश हो सकती है।