अंबिकापुर-प्रतापपुर मेन रोड पर तेज रफ्तार दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत

Chhattisgarh Crimesअंबिकापुर-प्रतापपुर मेन रोड पर तेज रफ्तार दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक पर सवार तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। दोनों गाड़ी के सामने का हिस्सा चकनाचूर हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दूर तक इसकी गूंज सुनाई दी। आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसा प्रतापपुर थाना इलाके का खड़गवां चौक के पास हुआ। एक बाइक पर प्रतापपुर निवासी दो दोस्त सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर एक युवक सवार था जो छतरपुर का रहने वाला था। तीनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं थीं।

मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले मौत

स्थानीय लोगों ने खड़गवां पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस से तीनों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा। जहां डॉक्टरों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। सड़क हादसे में मृत तीनों युवकों की पहचान हो गई है।

प्रतापपुर निवासी ओम प्रकाश सारथी और पुनीत काशी उर्फ बिट्टू एक ही बाइक पर सवार थे। वहीं तीसरा युवक छतरपुर गांव का रहने वाला था। तीनों की उम्र 19 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

रॉन्ग साइड आकर बाइक के टकराने की आशंका

हादसे के वक्त मौके पर कोई मौजूद नहीं था। हालांकि, दुर्घटना सड़क किनारे हुई, जिससे आशंका जताई जा रही है कि एक बाइक रॉन्ग साइड में आकर दूसरी बाइक से टकरा गई। घटना की सूचना मिलने पर खड़गवां चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।