
बीजापुर। जिले में पुलिस फोर्स ने माओवादियों की लगाई 25-25 किलो की 2 सीरियल IED को बरामद किया है। बताया जा रहा है कि माओवादी दंतेवाड़ा के अरनपुर जैसी एक और नक्सल घटना को अंजाम देने के फिराक में थे। जवानों से भरी गाड़ी आने का इंतजार कर रहे थे। हालांकि, इससे पहले ही जवानों ने सर्चिंग के दौरान नक्सलियों के इस नापाक मंसूबे को नाकाम कर दिया। नक्सलियों ने एक प्लास्टिक कंटेनर में 50 किलो का बारूद भर रखा था। मामला बासागुड़ा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों ने आवापल्ली-बासागुड़ा मुख्य मार्ग पर दुर्गा मंदिर के पास करीब 8 फीट चौड़ा और 5 फीट गहरा गड्ढा कर बारूद से भरा 2 कंटेनर दबाकर रखा था। यह IED ठीक उसी तरह से प्लांट थी जिस तरह से दंतेवाड़ा के अरनपुर में प्लांट किए थे। इसके तार जंगल की तरफ बिछाए हुए थे। हालांकि, CRPF के जवान जब सर्चिंग करते हुए इलाके में पहुंचे तो उन्होंने IED डिडेक्ट की। जिसके बाद फौरन BDS की टीम ने एक ही जगह से 25-25 किलो के 2 कंटेनर IED बरामद की। जिसे मौके पर ही डिफ्यूज कर दिया गया।
नक्सली कुछ दिन पहले ही बीच सड़क पर IED दबा कर रख दिए थे। नक्सलियों को पता था कि इस मार्ग से रोजाना जवान आवाजाही करते हैं। नक्सली बड़ी गाड़ी में जवानों के आवाजाही की रेकी भी कर रहे थे। लेकिन, जवान इलाके से या तो बाइक से या फिर पैदल ही सर्चिंग पर निकल रहे थे। पुलिस अफसरों की मानें तो इस 50 किलो वजनी IED से एक एंटी लैंडमाइंस वाहन को भी बड़ी आसानी से उड़ाया जा सकता था।