30 लाख रुपए के गहनों के साथ शातिर चोर को गिरफ्तार, कबाड़ की आड़ में करता था चोरी का धंधा

Chhattisgarh Crimes

​​​​​​​जांजगीर। जांजगीर में पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया चोर कबाड़ बीनने की आड़ में पहले सूने मकानों की रेकी करता। फिर मौका देखकर वहां हाथ साफ कर देता था। इस दौरान कुत्ते मिलते तो उन्हें गुलेल से मारकर भगा देता। निगरानी बदमाश होने के कारण चोरी का माल बेच नहीं पाता तो MP जाकर जमीन में गाड़ कर छिपा देता। पुलिस ने उससे 30 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के गहने बरामद किए हैं।

पुलिस ने बिलासपुर के सिरगिट्‌टी निवासी दुर्गेश नाई को संदिग्ध हालत में घूमते पकड़ा है। जांच में पता चला कि वह निगरानी बदमाश है और अलग-अलग कोर्ट ने उसके खिलाफ 7 स्थाई वारंट जारी कर रखे हैं। पूछताछ में उसने बताया कि मनेद्रगढ़ में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया है। पिछले साल लॉकडाउन से जांजगीर जिले के चांपा, जांजगीर, अकलतरा, बलौदा, पामगढ़ क्षेत्र में कबाड़ बीनने की आड़ में सूने मकानों को निशाना बना रहा था।

दुर्गेश ने पुलिस को बताया कि उसने रेलवे स्टेशन को अपना आशियाना बना रखा था। वह ट्रेन से आता और फिर कबाड़ बीनने की आड़ में सूने मकानों की रेकी करता था। मकानों को चिन्हित करता और फिर रात में चोरी करने पहुंच जाता। इस दौरान अपने पास रखे गुलेल से कुत्तों को दूर से मार कर भगा देता। दुर्गेश ने बताया कि उसे अय्याशी की लत लग गई थी। इसके लिए जो भी चोरी करता, उसे जुआ-सट्टा खेलने में उड़ा देता था।

9 महीने में 24 मकानों को बनाया निशाना

पकड़े गए आरोपी दुर्गेश ने 9 माह में 24 मकानों को निशाना बनाया है। इनमें चांपा क्षेत्र के 7, जांजगीर के 4, बलौदा, अकलतरा, पामगढ़ और शिवरीनारायण क्षेत्र में 17 मकानों के ताले तोड़ कर सोने, चांदी के गहने और नगदी चोरी किए हैं। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मध्य प्रदेश के अनूपपुर स्थित ग्राम बिजुरी से आधा किलो सोना, 4 किलो चांदी सहित 30 लाख रुपए के गहने बरामद किए हैं। एसपी प्रशांत सिंह ठाकुर ने बताया कि दुर्गेश नाई कई बार चोरी के प्रकरण में जेल जा चुका है। उसका कई थानों में वारंट है, इसके कारण चोरी का सामान बेच नहीं पाता और जमीन में गाड़ देता।

Exit mobile version