अभी जेल में ही गुजरेंगे आर्यन खान के दिन, बेल खारिज

Chhattisgarh Crimes

मुंबई। क्रूज ड्रग्स पार्टी केस में आरोपी आर्यन खान की जमानत अर्जी एक बार फिर खारिज हो गई है। मुंबई के स्पेशल NDPS कोर्ट ने आर्यन समेत अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमीचा को बेल देने से इनकार कर दिया है। 3 अक्टूबर को गिरफ्तार हुए आर्यन 8 अक्टूबर से मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद हैं। जेल में आर्यन को कैदी नंबर 956 का बैच मिला है। आर्यन की 14 दिन की न्यायिक हिरासत भी 21 अक्टूबर को खत्म हो रही है।

आर्यन के केस में आज केवल फैसले का ऑपरेटिव हिस्सा ही सामने रखा गया। डीटेल ऑर्डर आना अभी बाकी है। हालांकि, 14 अक्टूबर को इस मामले की सुनवाई के दौरान जजमेंट रिजर्व करते हुए जस्टिस पाटिल ने कहा था कि वे 20 अक्टूबर को व्यस्त हैं, लेकिन वे कोशिश करेंगे कि आर्यन की जमानत पर सुनवाई कर पाएं।

NCB की ओर से इस मामले को ASG अनिल सिंह देख रहे हैं और अदालत में इनकी सहायता एडवोकेट श्रीराम शिरसात कर रहे हैं। शिरसात बॉम्बे हाईकोर्ट में रिया चक्रवर्ती ड्रग्स केस में भी ASG की मदद कर रहे थे। SPP अद्वैत सेठना भी NCB का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

आरोपियों, खासतौर पर आर्यन खान, की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सतीश मानेशिंदे और अमित देसाई पैरवी कर रहे हैं। दोनों ही इस तरह के केस में मुंबई के दिग्गज वकील माने जाते हैं। मानशिंदे ने सुशांत ड्रग्स केस में रिया चक्रवाती और देसाई ने हिट एंड रन केस में सलमान को अदालत से राहत दिलवाई है। यही वजह है कि 14 अक्टूबर की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच जबरदस्त टक्कर हुई थी।

जमानत के विरोध में NCB की दलील

आर्यन की जमानत का विरोध करते हुए अनिल सिंह ने कहा था कि रिकॉर्ड और सबूतों से पता चलता है कि आर्यन पिछले कुछ वर्ष से ड्रग्स का नियमित सेवन कर रहा है। ASG ने कहा कि आर्यन काफी प्रभावशाली हैं और जमानत पर रिहा होने पर सबूतों के साथ छेड़छाड़ या उनके कानून से भागने की आशंका है। सिंह ने आगे कहा कि ठोस सबूत के आधार पर आर्यन और उनके दोस्त अरबाज की गिरफ्तारी हुई है।

एक्ट्रेस संग आर्यन की ड्रग चैट जमानत में रोड़ा

NCB के हाथ लगे आर्यन के कुछ चैट में वे एक उभरती हुई एक्ट्रेस संग ड्रग को लेकर चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं। 14 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान NCB ने इसे सबूत के रूप में अदालत के सामने पेश किया था। यह भी कहा जा रहा है कि यह एक्ट्रेस क्रूज पर मौजूद थी और शुरू में NCB ने इसे जाने दिया था। आने वाले समय में इस एक्ट्रेस से भी NCB की टीम पूछताछ कर सकती है। एक्ट्रेस के साथ आर्यन की इस बातचीत को उनकी जमानत में बड़ी अड़चन माना जा रहा है।

Exit mobile version