छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी नगर में पैतृक संपत्ति के विवाद को लेकर चाचा ने अपने भतीजी के पति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में भतीजी का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी पत्नी अभी भी फरार है।
यह मामला पलारी थाना क्षेत्र के पलारी नगर का है। जानकारी के अनुसार, प्रार्थना वैष्णव पुरैना (निवासी कोहरौद) ने 13 जून को वह अपने पति दिलहरण पुरैना के साथ अपने मायके (पलारी वार्ड-8) आई थी। शाम करीब 4 बजे उनके पति दिलहरण उनके चाचा धुरेंद्र धृतलहरे के घर गए, जहां पहले से ही पैतृक मकान को लेकर विवाद चल रहा था।
विवाद के दौरान भतीजी के पति पर किया हमला
इसी बीच विवाद बढ़ गया और आरोपी धुरेंद्र और उसकी पत्नी ने दिलहरण पर लोहे के रापे से सिर पर वार कर दिया। इसके अलावा, उन्होंने मुक्कों और हाथों से भी उसकी पिटाई की, जिससे उसके सिर, गले और कान में चोटें आई। हमला करने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
आरोपी गिरफ्तार, पत्नी फरार
मामले की रिपोर्ट मिलते ही पलारी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी धुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पैतृक संपत्ति के विवाद को लेकर वह और उसकी पत्नी पहले से ही नाराज थे, जिसके चलते उन्होंने यह हमला किया। आरोपी को 14 जून को कोर्ट में पेश किया गया, जबकि उसकी पत्नी की तलाश जारी है।
थाना पलारी में धारा 109 और 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की फरार पत्नी की तलाश कर रही है।