बालोद जिले में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से नाबालिग की मौत

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बालोद जिले में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से नाबालिग की मौत हो गई। ग्राम हथौद में 16 साल का किशोर सोलर लाइट का पोल लगा रहा था तभी बिजली के तार को टच कर गया। मामला सुरेगांव थाना क्षेत्र का है।

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें किशोर पोल से जमीन पर गिरता दिखाई दे रहा है। 18 सेकेंड के इस वीडियो में दिख रहा है कि पोल के पास कुछ लोग खड़े थे और ऊपर से किशोर के साथ पोल भी नीचे गिर गया।

जानकारी के मुताबिक, जिस स्थान पर सोलर लाइट का पोल लगाया जा रहा था, वहां पहले से ही हाईटेंशन लाइन मौजूद थी। पुलिस ने सोलर लाइट पोल लगाने वाले ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

नाराज ग्रामीणों ने मांगा मुआवजा

ग्राम दुधली के ग्रामीण इस घटना से नाराज हैं और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह सरकारी काम था, फिर नाबालिग को पोल पर चढ़ने की अनुमति कैसे दी गई। वे इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

‘किस ठेकेदार ने नाबालिग को काम पर लगाया जानकारी नहीं’

सरपंच पुष्पलता बघेल ने यह जानकारी दी है कि यहां पर जो पंचायत है उसे उस सोलर लाइट के संदर्भ में किसी प्रकार की कोई जानकारी नहीं है, किस ठेकेदार के द्वारा काम किया जा रहा है, किस ठेकेदार ने नाबालिग को काम पर लगाया, और पंचायत से ना कार्यादेश और ना ही अनापत्ति प्रमाण पत्र दिया गया है।