भिलाई की वैशाली नगर पुलिस ने ट्रेडिंग कंपनी में रकम दोगुना करने का झांसा देकर 1.30 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि कोहका भिलाई निवासी ज्ञान प्रकाश साहू (37 साल) ने वैशाली नगर थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि वो प्रापर्टी डीलर और प्राइवेट माइन्ड एंड मेमोरी ट्रेनिंग का काम करता है। उत्तम कुमार साहू नाम के युवक से उसकी पुरानी जान पहचान थी।
जल्द रकम दोगुना करने का लालच दिया
साल 2019 में वो उसे फैडरर्स कैफे वैशाली नगर में मिला था। उसके साथ उसके दोस्त निखिल चंद्राकार, पवन साहनी और उमेश पटेल भी साथ में थे। उन लोगों ने बताया कि वो लोग इंफीनाक्स कैपिटल नाम की एक ट्रेडिंग कंपनी चलाते हैं।
कंपनी में बहुत सारी करेंसी जैसे यूरो, डॉलर (USD), GBP/ USD (ग्रेट ब्रिटेन पाउंड), XAU (गोल्ड) पेयर के जरिए ट्रेडिंग किया जाता है। जिसमें पैसे इन्वेस्ट करने पर हर महीने 10 से 20 परसेंट का लाभ मिलता है। उन्होंने ज्ञान प्रकाश साहू को भी जल्द रकम दोगुना करने का लालच दिया।
कहा- अकाउंट खुलवाना पड़ेगा
उन्होंने बताया कि इसके लिए उन्हें कंपनी में एक अपना अकाउंट खुलवाना पड़ेगा। इसके बाद उनकी कंपनी आर्टीफिशियल इंटेलिजेंस यानि एआई के जरिए उनके लिए ट्रेडिंग का काम शुरू कर देगी। वो जो भी रकम इन्वेस्ट करेंगे उसके उन्हें हर मीने 10 से 20 प्रतिशत का लाभ मिलेगा।
विश्वास दिलाने के लिए उत्तम कुमार साहू ने अपने मोबाइल में वाट्सअप के जरिए ज्ञान को एक लिंक भेजा और उसमें अपना KYC updete करने के लिए कहा।
अपने खाते में जमा करा लिए रुपए
उत्तम साहू ने ज्ञान प्रकाश से कहा कि उसे खाते में जो भी रकम जमा करना है वो डॉलर के रूप में जमा करना होगा। इस पर ज्ञान प्रकाश ने मना कर दिया। इसके बाद उत्तम और उसके साथी निखिल चंद्राकार, पवन साहनी और उमेश पटेल ने कहा कि वो उनके खाते में रकम जमा कर दें वो उनकी राशि को डबल करके देंगे।
1.30 करोड़ रुपए की कर डाली ठगी
आरोपियों को झांसे में आने के बाद ज्ञान प्रकाश ने अपने HDFC बैंक के खाते से उत्तम कुमार साहू के द्वारा दिए गए अलग-अलग बैंक अकाउंट में अलग-अलग तारीख में 1 करोड़ 19 लाख 29 हजार 43 रुपए जमा करा दिए। 5 लाख रुपए नकद दिए। निखिल चंद्राकर के बैंक के खातों में 58 लाख 27 हजार रुपए ट्रांसफर किए।
इसके साथ ही अलग-अलग अन्य लोगों के अकाउंट में 40 हजार, 2.40 लाख, 30 हजार और 1.50 लाख रुपए ट्रांसफर किए। पवन साहनी के बैंक खाता में 27 लाख 15 हजार 443 रुपए ट्रांसफर किया। उमेश पटेल को 8 लाख रुपए नकद दिया। इस तरह उसने कुल 2 करोड़ 50 लाख 67 हजार 659 रुपए उसके द्वारा ट्रांसफर और नगद मिलकर दिए गए।
इसमें से 1 करोड़ 22 लाख 47 हजार 693 रुपए अलग अलग किस्तों मे उसे वापस मिल गए। शेष रकम 1 करोड़ 30 लाख 74 हजार 986 रुपए की मांग करने पर आरोपियों ने रकम वापस नहीं किया।
पैसा मांगने पर दूसरी कंपनी में इन्वेस्ट का दिया लालच
जब ज्ञान प्रकाश ने आरोपियों से पैसों की मांग की तो उन लोगों ने साल 2022 में उसे इंडियन काफी हाउस सुपेला में मिलने के लिए बुलाया। यहां उन लोगों ने उसे रोजो ट्रेड Fx लिमिटेड नाम की कंपनी में इन्वेस्ट करने का लालच दिया। उन्होंने कहा कि इस कंपनी का संचालक उत्तम कुमार साहू है। निखिल चंद्राकार पवन साहनी और उमेश पटेल उप संचालक हैं।
उन्होंने कहा कि वो लोग अपनी कंपनी के जरिए उसका पैसा डबल कर देंगे। इस पर ज्ञान प्रकाश ने कहा कि उसे डबल पैसा नहीं चाहिए, उसके द्वारा दिया गया अमाउंट को वापस करो। इस पर उत्तम कुमार साहू ने 27 जुलाई 2023 को उसके साथ एक इकरारनामा तैयार किया।
उसमें उसने स्वीकार किया कि उन चारों ने रोजो ट्रेड FX लिमिटेड कंपनी को छत्तीसगढ़ में लॉन्च किया है, इसमें पैसा डबल करके उसे पैसा वापस कर देंगे।
एक आरोपी गिरफ्तार तीन फरार
वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी उत्तम कुमार साहू, निखिल चंद्राकर, पवन साहनी और उमेश पटेल के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी निखिल चंद्राकार (37 साल) निवासी प्रगति नगर उतई को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ करने पर उसने अपराध घटित करना स्वीकार किया है। अन्य आरोपियों की पता तलाश जारी है।