भिलाई में धन्वंतरि जेनेरिक मेडिकल स्टोर के स्टाफ की एक युवक ने पिटाई कर दी

Chhattisgarh Crimesभिलाई में धन्वंतरि जेनेरिक मेडिकल स्टोर के स्टाफ की एक युवक ने पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि, उसकी पत्नी को दवा देने में देरी हो रही थी। इसी बात पर उसने स्टाफ से मारपीट की और पेटीएम मशीन भी तोड़ दी।

मेडिकल स्टाफ ने बताया कि, युवक खुद को वकील बता रहा था साथ ही विधायक रिकेश सेन का पड़ोसी होने की बात कही। कहा कि, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। गाली-गलौज और मारपीट की घटना CCTV में भी कैद हुई है।

क्या है पूरा मामला?

स्टाफ शत्रुघन दिवाकर के मुताबिक, घटना 21 जून की रात करीब 10 बजे की है। एक महिला लाल बहादुर शास्त्री सुपेला शासकीय अस्पताल में संचालित धन्वंतरि मेडिकल स्टोर पर दवा लेने पहुंची थी। भीड़ होने के कारण दवा देने में देरी हुई।

महिला ने बीपी-शुगर की मरीज बताकर जल्दी दवा देने कहा और बहस करने लगी। विवाद बढ़ने पर पति को फोन कर बुला लिया। पति कार से पहुंचा और हंगामा शुरू कर दिया।

मेडिकल स्टाफ से मारपीट

महिला के पति ने मेडिकल स्टोर में जबरन घुसकर स्टाफ से गाली-गलौज की। केबिन को धक्का देकर पेटीएम मशीन छीनकर जमीन पर पटक दी। कर्मचारी का गला दबाया और स्टोर के अंदर, फिर बाहर ले जाकर भी मारपीट की। यह मारपीट स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।

विधायक के पड़ोसी होने की धमकी दी

शत्रुघन दिवाकर ने बताया कि, युवक ने धमकाते हुए कहा कि, वो विधायक रिकेश सेन का पड़ोसी है। वकील भी है। कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। जिससे शिकायत करनी है कर दो। हालांकि, थोड़ी देर बाद डरे सहमे मेडिकल स्टाफ ने पुलिस को इसकी सूचना दी। फिलहाल, सुपेला पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।