
बैतूल : एफएसटी की टीम ने बैतूल के खंबारा टोल प्लाजा पर जांच के दौरान एक कार से 55 किलो चांदी के आभूषण जब्त किए है। एफएसटी के अधिकारियों द्वारा कार से मिले चांदी के आभूषण के संबंध में पूछताछ की जा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बैतूल में नागपुर नेशनल हाईवे के खंबारा टोल प्लाजा पर पुलिस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों की जांच कर रही है। गुरुवार को दोपहर में जांच के दौरान नागपुर की ओर से आ रही एक कार में 55 किलो वजन के चांदी के आभूषण मिले। इतनी अधिक मात्रा में कार में चांदी के आभूषण मिलने पर पुलिस ने कार को रोककर जांच प्रारंभ की है।
एसडीओपी सुरेश पाल सिंह ने बताया विधानसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हाइवे पर स्थित खंबारा टोल प्लाजा पर हाईवे से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। गुरुवार को एफएसटी टीम प्रभारी अनिल डाबर के साथ मार्ग से आ रहे वाहनों की जांच की जा रही थी। उसी दौरान नागपुर तरफ से आ रही कार क्रमांक RJ-45-CH-8757 की जांच की गई तो कार में लगभग 55 किलो चांदी के आभूषण पेकैट में पैक करके रखे हुए थे।
पूछताछ के दौरान कार स्वामी ने अपना नाम महेंद्र सिंह पिता राम सिंह राजपूत 39 साल निवासी श्याम वाटिका बिंदायका जयपुर राजस्थान का होना बताया। इतनी मात्रा में चांदी के गहने मिलने पर मामला संदिग्ध होने के चलते एफएसटी अधिकारी द्वारा कार में मिली चांदी के आभूषण के संबंध में पूछताछ की जा रही है।