बिलासपुर के भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता नवीन मसीह पर गुंडागर्दी, मारपीट और दहशत फैलाने का आरोप लगा

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर के भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता नवीन मसीह पर गुंडागर्दी, मारपीट और दहशत फैलाने का आरोप लगा है। आरोप है कि नवीन ने जमीन विवाद को लेकर अपने ही सगे भाई राकेश मसीह, उनकी पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट और बदसलूकी की।

इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। घटना को लेकर तारबाहर थाने वीडियो के साथ शिकायत की गई है, जिस पर पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है। मामला पारिवारिक जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

संपत्ति को लेकर दोनों भाईयों में लंबे समय था विवाद

दरअसल, नवीन मसीह और राकेश मसीह सगे भाई हैं। दोनों एक ही मोहल्ले में रहते हैं। दोनों के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। जानकारी के अनुसार, राकेश अपना मकान बनवा रहा था, जिसे लेकर नवीन ने आपत्ति जताई।

इसी बीच रविवार को यह विवाद हिंसक रूप ले लिया, जब नवीन मसीह अपने साथियों के साथ राकेश मसीह के घर में घुस गया और वहां मौजूद राकेश मसीह उसके परिवार की महिलाओं और बच्चों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई करने लगा।

महिलाएं चीखती रहीं, बच्चे डरे रहे

नवीन मसीह ने परिवार को जान से मार डालने की भी धमकी दी। इस पूरी घटना का वीडियो मोबाइल से रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिलाएं जान बचाने के लिए चीख रही हैं और बच्चे डरे हुए हैं।

स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा तारबाहर मोहल्ले के लोगों ने आरोप लगाया कि नवीन मसीह सालों से मोहल्ले में आतंक मचाए हुए है। वह भाजपा नेता होने का धौंस दिखाकर गरीबों और कमजोर वर्ग के लोगों को डराता-धमकाता है।

मोहल्लेवासियों के मुताबिक, वह जबरन वसूली, नशाखोरी और महिलाओं से बदसलूकी करता है। रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि, दबाव के चलते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।

शिकायत पर पुलिस कार्रवाई करने से बचती

एक मोहल्लेवासी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, हम कई बार पुलिस में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन हर बार हमें ही थाने में घंटों बैठाकर रखा जाता है। पुलिस राजनीतिक दबाव के चलते उसपर कार्रवाई करने से बचते नजर आते हैं। आरोपी खुलेआम घूमते रहता है।

पुलिस ने कहा, जांच जारी है इस मामले में जब तारबाहर थाना प्रभारी कृष्ण चंद्र सिदार ने बताया कि शिकायत मिली है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। उनका कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।