बिलासपुर पुलिस ने सफाई कर्मचारी बनकर अवैध शराब तस्करों को पकड़ा

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर पुलिस ने सफाई कर्मचारी बनकर अवैध शराब तस्करों को पकड़ा है। खांडा गांव में छापेमारी कर 1040 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 3 लाख है। वहीं, घेराबंदी कर 8 लोगों को गिरफ्तार किया। मामला सीपत थाना क्षेत्र का है।

मुखबिर से मिली सूचना के बाद SP रजनेश सिंह के निर्देश पर एडीशनल एसपी अर्चना झा के नेतृत्व में 7 टीमें बनाई गईं। पुलिस ने अपनी पहचान छिपाने के लिए सफाई कर्मियों का रूप धारण किया। टीम डंपर में झाड़ू और कचरा उठाने की सामग्री लेकर पहुंची। इनमें 5 महिलाएं शामिल हैं।

अलग-अलग जगहों में शराब पकड़ाई

आरोपियों से जब्त शराब में मीना बाई से 150 लीटर, चांदनी सिदार से 105 लीटर, परदेशी सिदार से 175 लीटर, सुकृता गोंड़ से 180 लीटर, वेदलाल गोंड़ से 145 लीटर, रेशम बाई से 155 लीटर, बेदमीत गोंड़ से 130 लीटर और उत्तम भोई से 5.760 लीटर देसी प्लेन शराब बरामद की गई।

आरोपियों को भेजा जेल

जब्त की गई 1040 लीटर कच्ची महुआ शराब की कीमत 3,12,000 रुपए और 5.760 लीटर देसी प्लेन शराब की कीमत 2,560 रुपए आंकी गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

अवैध शराब के साथ पकड़े गए लोगों के विरूद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 34(1)(च) के तहत कार्रवाई की गई। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पूरी कार्रवाई में टीआई गोपाल सतपथी, एएसआई सहेत्तर कुर्रे, कमलफूल साहू, धर्मेंद्र यादव, शिव सिंह बक्साल, हेड कांस्टेबल परमेश्वर सिंह, जयपाल बंजारे, प्रफुल्ल सिंह आदि शामिल थे।

Exit mobile version