कवर्धा के भैंसा ओदार जलप्रपात में रविवार को पिकनिक मनाने पहुंची 16 साल की छात्रा आस्था गुप्ता की डूबने से मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesकवर्धा के भैंसा ओदार जलप्रपात में रविवार को पिकनिक मनाने पहुंची 16 साल की छात्रा आस्था गुप्ता की डूबने से मौत हो गई। वह पंडरिया के बैराग पारा की रहने वाली थी और 10वीं कक्षा में पढ़ती थी।

नहाते समय वह गहरे पानी में चली गई। साथियों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि रील बनाते समय फिसलने से छात्रा पानी में गिरी थी। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

5-6 युवक-युवतियों के साथ पहुंची थी पिकनिक मनाने

पुलिस के मुताबिक, पंडरिया के बैराग पारा से 5-6 युवक-युवतियां रविवार दोपहर भैंसा ओदार जलप्रपात पहुंचे थे। सभी वहां पिकनिक मनाने गए थे। इसी दौरान नहाते समय आस्था गहरे पानी में डूब गई।साथियों ने उसे पानी में तलाशा और बाहर निकाला। इसके बाद उसे कुकदूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

रील बनाने के दौरान फिसलने की भी चर्चा

घटना के बाद कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि आस्था रील बना रही थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। हालांकि, पुलिस की ओर से इस दावे की पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल पुलिस के अनुसार, छात्रा की मौत पानी में डूबने से हुई है।

कवर्धा से 63 किमी दूर जंगल में है जलप्रपात

भैंसा ओदार जलप्रपात कवर्धा से करीब 63 किलोमीटर दूर पंडरिया के वनांचल क्षेत्र में स्थित है। यहां पंडरिया और नेउर के रास्ते पहुंचा जा सकता है। मुख्य सड़क से आगे कच्चा रास्ता है। इसके बाद पैदल चलकर जलप्रपात तक पहुंचना पड़ता है।

चट्टानों पर फिसलन और गहरे जलकुंड से खतरा

जलप्रपात जंगल और पहाड़ी इलाके के बीच स्थित है। यहां चट्टानों पर फिसलन रहती है। आसपास कई गहरे जलकुंड भी हैं। पानी की ऊपरी सतह देखकर उसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में नहाते समय या चट्टानों पर चलते हुए जरा सी लापरवाही भी हादसे की वजह बन सकती है।

Exit mobile version