
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा मतांतरण पर लड़ाने का काम कर रही है। भ्रम फैलाकर वह वोट लेना चाहती है। इस वक्त बहुत से लोग वोट काटने के लिए घूम रहे हैं, उनसे सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने बढ़ती कीमतों पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा महंगाई बढ़ाने का काम कर रही है और कांग्रेस महंगाई घटाने का। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उनकी सरकार बनी तो 974 रुपये का गैस सिलिंडर 500 रुपये की सब्सिडी के बाद 474 रुपये में देंगे। सीएम ने कहा कि पांच साल बाद समर्थन लेने के लिए आपके बीच आए हैं।सीएम बघेल मंगलवार को बस्तर के ग्राम मूली चुनावी सभा ले रहे थे।
उन्होंने कहा कि हमने 200 यूनिट तक बिजली बिल माफ करने समेत कई घोषणाएं की है। भाजपा के लोग भी चुनाव प्रचार कर रहे हैं, लेकिन अभी तक एक भी घोषणा नहीं पाए हैं। गृह मंत्री अमित शाह राजनांदगांव आए थे, वहां उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारियों को उलटा लटका देंगे, लेकिन सबसे बड़े भ्रष्टाचारी रमन सिंह उनके बगल में ही खड़े थे। रमन सिंह को ही उलटा लटकाकर वह इसकी शुरुआत क्यों नहीं कर देते। रमन सिंह ने चिटफंड कंपनी के पैसे खाए। नान घोटाला, चावल घोटाला किया। यहां तक कि टिफिन, चप्पल, मोबाइल वितरण तक में घोटाला किया। सच तो यह है कि भाजपा किसान विरोधी है। रमन सिंह ने किसानों को दो साल का बोनस नहीं दिया। मुख्यमंत्री ने जनसभा में 13 अलग-अलग घोषणाओं को फिर दोहराया, जिसमें 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी, कर्ज माफी, केजी से पीजी तक निश्शुल्क शिक्षा आदि शामिल थीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने जो वादे किए हैं, उसे पूरा करके रहेंगे। किसानों के दोबारा कर्ज माफी की घोषणा पर भाजपा के पेट में दर्द होता है। जब वे साढ़े 14 लाख करोड़ रुपये का कर्ज उद्योगपतियों का माफ कर सकते हैं, तो हम किसानों का दोबारा कर्ज क्यों माफ नहीं कर सकते। हमने 17.5 लाख लोगों को आवास देने का वादा किया है, जिसे पूरा करके रहेंगे। साढ़े सात लाख गरीबों को आवास के लिए पहली किस्त भी जारी कर दी गई है।
नारायणपुर के भानपुरी की सभा में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि बस्तर में किसान कभी आत्महत्या नहीं करते थे। रमन सिंह के राज में आदिवासी, किसान आत्महत्या और पलायन के लिए मजबूर हो गए। कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों में यहां सड़कें बनीं, पुल बने, स्कूल खोले गए। भाजपा 15 साल में यहां एक भी स्कूल नहीं खोल पाई, बल्कि कांग्रेस के समय में पहले से खुले स्कूलों को भी बंद कर दिया।
चित्रकोट के कुरेंगा की जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर शांति की ओर लौट रहा है। एक दौर था जब बस्तर में आदिवासियों को नक्सली बताकर फर्जी एनकाउंटर कर दिया जाता था। उन्हें जेल में ठूंस दिया जाता था। भाजपा सिर्फ सांप्रदायिक और मतांतरण के नाम पर लोगों को लड़ाने का काम करती है। मणिपुर में डबल इंजन की सरकार है, वहां हिंसा हो रही है।