सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में व्याप्त समस्याओं के निराकरण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया घेराव

Chhattisgarh Crimes

महासमुंद। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पिथौरा में व्याप्त समस्याओं के निराकरण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को स्वास्थ्य केन्द्र का घेराव किया. साथ ही कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा. भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि एक्स-रे मशीन होने के बाद भी टेक्नीशियन के नहीं होने के कारण मरीजों का एक्स-रे नहीं हो पाता. इसके कारण मरीजों को निजी एक्स-रे केन्द्रों में भेजा जाता है, जहां पर मरीजों को अधिक पैसे भुगतान कर एक्स-रे कराना पड़ता है. ऑपरेशन के लिए मरीजों से पैसे की मांग की जाती है.

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि, हमेशा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के परिसर में निजी अस्पतालों के एम्बुलेंस वाहन खड़े रहते है, जो मरीजों को गुमराह करके निजी अस्पतालों में इलाज के लिए ले जाते हैं. चिकित्सकों का अभाव है. चिकित्सक हमेशा काम पर उपस्थित नहीं रहते हैं. मरीजों से चिकित्सकों और कर्मचारियों की ओर से दुर्व्यवहार किया जाता है और FIR की धमकी दी जाती है. पैथालॉजी में खून जांच की भी समुचित सुविधा नहीं है.

भाजपा नेता संपत अग्रवाल और शंकर अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि अभी 15 दिवस का समय दिया गया है और उसके बाद भी व्यवस्था नहीं सुधरी तो उग्र आंदोलन किया जाएगा. वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी पी कुदेशिया ने तमाम अव्यवस्थाओं को आचार संहिता समाप्त होने के 15 दिन के भीतर दुरुस्त करने और शिकायतों पर जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है.

Exit mobile version