
सरायपाली पुलिस ने बुधवार को दिनेश को नशीली टैबलेट तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसने पेट में तेज दर्द और झटके आने की शिकायत की। इसके बाद सरायपाली के डॉक्टरों ने उसे महासमुंद मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
आरोपी के साथ सिपाही खोमनलाल साहू और रामचरण यादव की ड्यूटी लगाई गई थी। बुधवार सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच एक सिपाही बाथरूम गया था, जबकि दूसरा डॉक्टर के काम में व्यस्त था। इसी दौरान आरोपी पुलिस की निगरानी से निकलकर फरार हो गया।
आरोपी के पैर में रॉड लगी होने की जानकारी भी सामने आई है। इसके बावजूद वह कैसे फरार हुआ, इसकी जांच की जा रही है। आरोपी को हथकड़ी लगाई गई थी या नहीं और फरारी के समय दोनों सिपाही कहां थे, इसकी भी जांच होगी।
लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई
एडिशनल एसपी सुनील कुमार नायक ने बताया कि आरोपी अलसुबह अस्पताल से फरार हुआ है। मामले में सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अस्पताल के CCTV फुटेज खंगाल रही है। फरार आरोपी की तलाश भी की जा रही है।