
दंतेवाड़ा। जिला के गीदम ब्लॉक के हाऊरनार ग्राम पंचायत में विवाहिता के साथ गैंगरेप के बाद हत्या की सनसनीखेज वारदात को पुलिस ने सुलझा लिया हैं। पुलिस ने विवाहिता के पड़ोस में ही रहने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया हैं, जिन्होने इस वारदात को अंजाम देने के बाद अपने गुनाह को छिपाने के लिए महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 29 मई को इस गांव के एक पारा में रहने वाली 25 साल की शादीशुदा महिला शाम के वक्त कुंआ में पानी भरने गई हुई थी। घर से महज 500 मीटर की दूरी पर कुंआ है। बताया जा रहा हैं कि देर शाम को जब वह पानी भरकर वापस घर लौट रही थी, तभी पड़ोस में रहने वाले दशाराम भास्कर और मुन्नाराम भास्कर से महिला का सामना हो गया। दोनों युवक पूर्व से ही महिला पर बुरी नजर रखते थे। महिला को अकेली देख दोनों युवकों ने मौके का फायदा उठाकर उसके मुंह को बांधकर अगवा कर झाड़ियों की तरफ ले गए। जिसके बाद जबरदस्ती दोनों ने बारी-बारी महिला के साथ दरिंदगी की।
फिर इस वारदात की जानकारी किसी को पता न हो, इसलिए दोनों ने महिला की साड़ी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों युवक मौके से भाग निकले थे। जब देर शाम तक महिला घर नहीं पहुंची, तो उसी रात परिजन उसे ढूंढने निकले थे। जिन्होंने झाड़ियों के पीछे महुआ पेड़ के नीचे से महिला की नग्न हालत में लाश बरामद किया था। दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने बताया कि घटना की तफ्तीश के लिए पुलिस टीम गठित की गयी थी। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर और टेक्निकल टीम के प्रयासों से पुलिस दोनों आरोपियों तक पहुंच गई। दोनों आरोपी युवक महिला के ही पड़ोसी थे। इनमें से एक घटना की शाम शराब के नशे में था। दोनों की गिरफ्तारी कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।