बस के नीचे घुसी बाइक से युवक की तो अज्ञात वाहन की ठोकर से सीएएफ के जवान की मौत

Chhattisgarh Crimes

सड़क हादसे में एक बुजुर्ग व बच्चा गंभीर रूप से घायल, दोनों का सीएचसी कटघोरा में चल रहा इलाज

कोरबा। कटघोरा बस स्टैंड परिसर में बस के नीचे पहियों के बीच बाइक घुस गई। इसमें तीन लोग सवार थे। बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में पीछे बैठे बुजुर्ग व एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है। इधर अज्ञात वाहन की ठोकर से दर्री मार्ग पर सीएएफ जवान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची दर्री थाना पुलिस ने सड़क हादसे के बाद मार्ग पर जाम लगते देख मोर्चा संभाला। कुछ देर बाद आवाजाही सामान्य हो पाई।

मंगलवार जिले के लिए काला दिन साबित हुआ। सड़क हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही जान चली गई। जानकारी के मुताबिक कटघोरा थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास पशु चिकित्सालय के सामने मुख्य मार्ग पर दोपहर 12 बजे तेज रफ्तार राजधानी बस ने बाइक सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक सवार बस के नीचे जा घुसे। इस हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई। मृतक को पुटवा तुमान का बताया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस हादसे में बुजुर्ग एक बच्चा भी घायल हो गया। घायल बुजुर्ग ने बताया कि वे मोबाइल बनवाने के लिए आए थे और यह हादसा हो गया। मृतक पहियों के बीच जाकर फंस गया था। किसी तरह पुलिस ने शव को बाहर निकाला। मामले में मर्ग कायम कर बस चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी। इधर दर्री मार्ग पर दोपहर करीब 1 बजे थाना से कुछ दूरी पर पुल के पास अज्ञात वाहन की ठोकर से सीएएफ के जवान वीरेन्द्र भगत निवासी जशपुर की मौत हो गई। वह सेकेंड बटालियन सकरी बिलासपुर में था और इन दिनों उसकी पदस्थापना पीटीएस प्रगति नगर दर्री में था। सड़क दुर्घटना के बाद जाम की स्थिति निर्मित हो रही थी। पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद आवाजाही सामान्य हुई। दुर्घटनाकारित अज्ञात वाहन के चालक की पुलिस तलाश में जुट गई है।

Exit mobile version