कोरबा में रविवार को सीतामणी स्थित राम मंदिर परिसर में मोबाइल टावर की केबल काटते हुए दो युवकों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ा

Chhattisgarh Crimesकोरबा में रविवार को सीतामणी स्थित राम मंदिर परिसर में मोबाइल टावर की केबल काटते हुए दो युवकों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ा। गुस्साए लोगों ने दोनों को रस्सी से बांधकर पीटा और बाद में पुलिस को सौंप दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक दिनदहाड़े टावर की केबल काट रहे थे। आसपास के लोगों को संदेह होने पर वे मौके पर पहुंचे और उन्हें पकड़ लिया। केबल कटने से इलाके का मोबाइल नेटवर्क प्रभावित हुआ, जिससे स्थानीय लोग और आक्रोशित हो गए। लोगों ने युवकों की पिटाई करने के बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।

लोगों का दावा- दोनों युवक नशे में थे

स्थानीय लोगों ने पकड़े गए युवकों की पहचान एकलाख खान और लक्की के रूप में की है। लोगों का आरोप है कि दोनों नशे की हालत में थे। उनके पास से गांजा, चिलम और नशीले इंजेक्शन की शीशियां भी बरामद हुई हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

तीन महीने में 33 से ज्यादा मोबाइल टावरों में चोरी

मोबाइल टावर से जुड़े कर्मचारियों ने बताया कि पिछले तीन महीनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 33 से अधिक मोबाइल टावरों में चोरी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई हैं।

कर्मचारियों को संदेह है कि टावरों से केबल, बैटरी और अन्य सामान चुराने वाला एक संगठित गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह अब रात के साथ-साथ दिन में भी वारदातों को अंजाम दे रहा है। पुलिस ने अभी तक इस गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन युवकों का जिले में हुई अन्य टावर चोरी की घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं। साथ ही, उनके पास से मिले कथित नशे के सामान की भी जांच की जा रही है।

Exit mobile version