कोरबा में शराब के नशे में धुत दो सगे भाइयों ने जमकर हंगामा किया

Chhattisgarh Crimesकोरबा में शराब के नशे में धुत दो सगे भाइयों ने जमकर हंगामा किया। यह घटना मुड़पार स्थित कुआंभठा शराब दुकान पर हुई, जहां चखना के पैसे को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया।

जानकारी के अनुसार, दोनों भाई चखना सेंटर पर शराब पीने पहुंचे थे। चखना खाने के बाद जब दुकानदार ने पैसे मांगे, तो उन्होंने भुगतान करने से इनकार कर दिया। इस मामूली बात पर बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही बढ़ गई। आरोप है कि एक युवक ने खुद को मंडल अध्यक्ष बताते हुए दुकानदारों पर रौब झाड़ा और हंगामा करने लगा।विवाद बढ़ने पर युवक ने अपने दूसरे भाई को भी बुला लिया। इसके बाद दोनों भाइयों ने दुकानदारों के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया गया। शराब दुकान परिसर में जमकर हाथापाई हुई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

बीच सड़क पर कपड़े फाड़कर जमकर किया उत्पात

मारपीट की सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों युवक वहां से भाग चुके थे। वे मुड़पार बाईपास मार्ग होते हुए गुरुघासीदास चौक पहुंचे, जहां उन्होंने बीच सड़क पर कपड़े उतारकर उत्पात मचाना शुरू कर दिया।

जब पुलिस उन्हें समझाने पहुंची, तो दोनों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी बदतमीजी की। वे खुद को ऊंचे पहुंच वाला नेता बताते हुए पुलिस से बहस करने लगे।

पुलिस के साथ हुई इस बहस का वीडियो किसी ने बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। शराब दुकान में हुई मारपीट की पूरी घटना भी वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

हंगामा करने वाले दोनों युवक जेल पहुंचे

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों विक्की और विकास को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पता चला कि वे शराब के नशे में थे। मानिकपुर थाने में दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। बाद में उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां जमानत न मिलने के कारण उन्हें जेल भेज दिया गया।

Exit mobile version