
इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक CMO कांग्रेस जिलाध्यक्ष की बर्थडे पार्टी से लौट रहा था। घटना जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम बरेला की है। सोमवार को अमरेश सिंह को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
अब जानिए क्या है पूरा मामला
शिक्षक नगर, पंडरिया के रहने वाले विश्वनाथ बसोर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि 1 अगस्त 2026 को उनकी भाभी किरण बसोर (36), भुनेश्वर साहू (32) और हेमलता साहू (39) के साथ बाइक से ग्राम हरदी में शादी का काम पूरा कर लौट रही थीं। ग्राम बरेला मेन रोड पर सड़क पर गाय होने के कारण उन्होंने बाइक किनारे रोक दी।
इसी दौरान मुंगेली से बिलासपुर की ओर जा रही स्कोडा कार, जिस पर ‘CMO (UAD) CG Government’ लिखा था, तेज रफ्तार में गलत दिशा से आई और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हेमलता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किरण बसोर और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटनास्थल पर ‘CMO’ लिखी नंबर प्लेट मिली
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय कार तेज रफ्तार में थी। टक्कर के दौरान कार के आगे लगी ‘CMO’ लिखी नंबर प्लेट टूटकर सड़क पर गिर गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार CMO चला रहे थे।
वहीं, संबंधित स्कोडा कार तखतपुर नगर पालिका परिसर में डैमेज हालत में खड़ी मिली। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी ने लापरवाही के साथ वाहन चलाते हुए जानबूझकर बाइक सवारों को टक्कर मारी।