छत्तीसगढ़ के दुर्ग में मंगलवार देर रात सड़क हादसे में एक युवक की बस से कुचलकर मौत हो गई, जबकि उसका साथी मामूली रूप से घायल हो गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के दुर्ग में मंगलवार देर रात सड़क हादसे में एक युवक की बस से कुचलकर मौत हो गई, जबकि उसका साथी मामूली रूप से घायल हो गया। हादसा पुलगांव से महाराज चौक के बीच निर्माणाधीन सड़क पर हुआ, जहां फिसलन के कारण बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस फरार बस और उसके चालक की तलाश कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, पुलगांव से महाराज चौक के बीच सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। सड़क पर गिट्टी और मिट्टी होने से काफी फिसलन थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े।

तभी पीछे से आ रही एक अज्ञात बस ने एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया। बस के नीचे कुचलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक मामूली रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान शुभम के रूप में हुई है। वह एक ट्रैवल कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही

घटना की सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल युवक का प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर फरार बस और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।

निर्माणाधीन सड़क की सुरक्षा पर उठे सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन सड़क की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सड़क पर फिसलन के कारण पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। लोगों ने निर्माण एजेंसी से चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है।

बस चालक की तलाश जारी

पुलगांव थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। उसकी पहचान होते ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version