कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का व्हाट्सऐप अकाउंट ठगों ने हैक कर लिया

Chhattisgarh Crimesकांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का व्हाट्सऐप अकाउंट ठगों ने हैक कर लिया है। हैकर उनके नाम से परिचितों और समर्थकों को मैसेज भेजकर UPI के जरिए 28 हजार रुपए भेजने की मांग कर रहा है।

साथ ही पैसे वापस करने का वादा भी किया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही बृहस्पति सिंह ने रायपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, हैकर बृहस्पति सिंह के व्हाट्सऐप नंबर से लोगों को मैसेज भेजकर कह रहा है कि उसे तत्काल पैसों की जरूरत है और उसका UPI काम नहीं कर रहा है।

हैकर लोगों को भरोसा दिला रहा है कि रात 8 बजे तक पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। इसके बाद वह QR कोड भेजकर या सीधे UPI के जरिए पैसे ट्रांसफर करने के लिए कह रहा है।

पहले ‘Hello’, फिर मदद के बहाने मांग रहा 28 हजार

हैकर बातचीत की शुरुआत “Hello” और “एक हेल्प चाहिए थी” जैसे सामान्य मैसेज से करता है। सामने वाले के जवाब देने पर वह अचानक पैसों की जरूरत बताकर 28 हजार रुपए भेजने की मांग करता है।

हैकर कई लोगों को QR कोड भेजकर भुगतान करने के लिए भी कह रहा है। ऐसे मैसेज मिलने के बाद कुछ लोगों ने पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह से संपर्क किया। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

बृहस्पति सिंह ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से पैसे मांगने वाले किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि किए कोई भुगतान न करें। उन्होंने कहा कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है और हैकर्स उसका गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।

पुलिस बोली- संदिग्ध मैसेज पर थाने में दे शिकायत

पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध मैसेज या भुगतान की मांग की तुरंत सूचना साइबर हेल्पलाइन या स्थानीय थाने में देने की अपील की है। बता दें कि इससे पहले गरियाबंद जिले में भाजपा के कई नेताओं के व्हाट्सएप अकाउंट भी हैक किए जा चुके हैं।

Exit mobile version