
रायगढ़ निवासी संत राम मंडावी (60) गांव से लगे जंगल में शौच के लिए गए थे। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक भालू निकल आया। संत राम ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन भालू ने उनका पीछा कर हमला कर दिया। उन्होंने किसी तरह शोर मचाकर भालू से अपनी जान बचाई।
भालू के हमले में घायल संत राम किसी तरह गांव पहुंचे। उनकी हालत देखकर ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाया और उन्हें डौंडीलोहारा अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
कई दिनों से इलाके में घूम रहा था भालू
संत राम मंडावी ने बताया कि पिछले कई दिनों से इसी इलाके में भालू घूमता दिखाई दे रहा था। ग्रामीणों ने भी कई बार भालू की मौजूदगी की जानकारी दी थी। इसके बावजूद जंगल क्षेत्र में लोगों की आवाजाही को लेकर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत
घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण जंगल की ओर जाने से बच रहे हैं। वन विभाग की टीम ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही ग्रामीणों को जंगल में अकेले नहीं जाने की सलाह दी गई है।