बिलासपुर में बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में शहर और जिला कांग्रेस कमेटियों ने बुधवार को तिफरा स्थित बिजली विभाग के ईडी दफ्तर का घेराव किया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में शहर और जिला कांग्रेस कमेटियों ने बुधवार को तिफरा स्थित बिजली विभाग के ईडी दफ्तर का घेराव किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की, लेकिन कांग्रेसी गेट के ऊपर चढ़ गए। उन्होंने उग्र नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और पूर्व जिलाध्यक्ष विजय केसरवानी सहित कई नेता गेट पर चढ़कर नारेबाजी करते दिखे।

उन्होंने बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी वापस लेने की मांग करते हुए अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल थीं। महिला कांस्टेबलों ने उन्हें नियंत्रित करने का प्रयास किया, जिस दौरान उनसे झड़पें भी हुईं।

सरकार की नीतियों और उद्योगपतियों को लेकर आरोप

कोटा से कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कैबिनेट ने हाल ही में 200 से 600 यूनिट तक की बिजली दरों में 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी का निर्णय लिया है, जो अन्यायपूर्ण है।

श्रीवास्तव ने सरकार को घेरते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ कोयला संपन्न और बिजली उत्पादन में सरप्लस राज्य है। इसके बावजूद राज्य सरकार लगातार आम आदमी पर बोझ डाल रही है और यह तीसरी बार है जब बिजली की दरों में वृद्धि की गई है।

अटल श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ठीक से काम नहीं कर पा रही है। उन्होंने इसे ‘अडानी और उद्योगपतियों की सरकार’ बताते हुए कहा कि यह बड़े उद्योगपतियों को सब्सिडी और छूट देती है, जबकि आम आदमी का शोषण करती है।

बिजली के मुद्दे पर विधानसभा में भी घेरेंगे कांग्रेस विधायक ने कहा कि अभी तो सीएसईबी के ईडी दफ्तर का घेराव किया है, विधानसभा सत्र में भी साय सरकार को घेरा जाएगा। उन्होंने एलान किया कि बिजली पानी, खाद जैसी समस्याओं तथा किसानों के साथ हो रही ज्यादती के विरोध में आगे और बड़े आंदोलन किए जाएंगे।

Exit mobile version