सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले देव चंद्रा (25) की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesसक्ती जिले के डभरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले देव चंद्रा (25) की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस-प्रशासन की समझाइश और सहायता राशि दिए जाने के बाद करीब 2 घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।

जानकारी के अनुसार, डभरा निवासी देव चंद्रा हर दिन की तरह गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकला था। पुटीडीह नाला के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को करीब 50 फीट तक घसीटा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। वे दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। चक्काजाम के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही दो घंटे तक प्रभावित रही।

समझाइश के बाद खुला रास्ता, मिली सहायता राशि

सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। इस दौरान रिश्तेदारों को 25 हजार रुपए की सहायता राशि भी प्रदान की गई। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने मौके पर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के मार्गों और संभावित सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version