महासमुंद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों की तैयारी कर रहे अंतरराज्यीय हथियारबंद गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesमहासमुंद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों की तैयारी कर रहे अंतरराज्यीय हथियारबंद गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बसना पुलिस ने पलसापाली बैरियर पर वाहन जांच के दौरान बिना नंबर की कार से चारों को पकड़ा।

आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का देशी कट्टा, 3 जिंदा कारतूस, 3 लाख 25 हजार रुपए नकद और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार भी जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 19 लाख 25 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 9-10 अगस्त 2026 की दरमियानी रात बसना पुलिस पलसापाली बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार को संदेह के आधार पर रोका गया। कार पर MP07/C0011/TC की पीली टीसी प्लेट लगी थी। वाहन में चार लोग सवार थे और उनका व्यवहार पुलिस को संदिग्ध लगा।

तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड/सीट के पास से .315 बोर का देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस मिले। वहीं कार में रखे बैग से 3.25 लाख रुपए नकद बरामद हुए। आरोपियों की तलाशी में चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

ओडिशा से गांजा खरीदने की थी तैयारी

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर से गांजा खरीदने के लिए आपराधिक षड्यंत्र के तहत गए थे। पुलिस के मुताबिक, रास्ते में पुलिस कार्रवाई या किसी अन्य बाधा से निपटने और जान से मारने की नीयत से उन्होंने अवैध कट्टा और कारतूस अपने पास रखे थे।

हालांकि, गांजा सप्लायर से संपर्क नहीं हो पाने के कारण वे गांजा खरीदे बिना ही नकदी लेकर वापस लौट रहे थे। पुलिस ने बरामद हथियार, नकदी और अन्य सामग्री के आधार पर चारों को गिरफ्तार कर लिया।

MP और UP के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमाशंकर शर्मा (41) निवासी भिंड (मध्यप्रदेश), आकाश काकर शर्मा उर्फ गोलू (27) निवासी बरोही, भिंड, शिवम शर्मा (26) निवासी बरोही, भिंड और शनि सिंग उर्फ संदीप (32) निवासी आगरा (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई है।

बसना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और बीएनएस की धारा 61(2)(क) के तहत अपराध दर्ज किया है। चारों को 10 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

19.25 लाख की संपत्ति जब्त

पुलिस ने आरोपियों से 3.25 लाख रुपए नकद, देशी कट्टा, 3 कारतूस, करीब 15 लाख रुपए कीमत की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार और करीब 1 लाख रुपए कीमत के 4 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 19 लाख 25 हजार रुपए है।

पुलिस का कहना है कि समय रहते हुई इस कार्रवाई से गिरोह के संभावित आपराधिक मंसूबों को नाकाम किया गया है। मामले में गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों और आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

Exit mobile version