बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की तिरंगा फहराते हुए तस्वीर से छेड़छाड़ का मामला सामने आया

बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने निवास पर तिरंगा फहराया था।

आरोप है कि कांग्रेस नेता ने इस तस्वीर को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। तस्वीर के साथ इस तरह छेड़छाड़ की गई, जिससे लोगों के बीच भ्रामक संदेश फैल सके।

शिकायत के बाद हटाई गई पोस्ट

बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने इसे राष्ट्रध्वज के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए सिविल लाइंस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट और अन्य जरूरी दस्तावेज भी सौंपे।

शिकायत में बताया गया है कि संबंधित पोस्ट बाद में हटा दी गई, लेकिन तब तक वह सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो चुकी थी।

राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अरुण साहू के खिलाफ एफआईआर क्रमांक 0429/2026 दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा 2 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 356 के तहत अपराध दर्ज किया है।

बीजेपी ने कहा- राष्ट्रध्वज के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि राष्ट्रध्वज देश की अस्मिता और सम्मान का प्रतीक है। सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी फैलाने या राष्ट्रीय प्रतीकों के साथ छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Exit mobile version