कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र से सटे महाराष्ट्र में बाघ के हमले से एक युवक की मौत के बाद इलाके में दहशत का माहौल

Chhattisgarh Crimesकांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र से सटे महाराष्ट्र में बाघ के हमले से एक युवक की मौत के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बाघ की मौजूदगी का वीडियो सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के वन विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

जानकारी के अनुसार, पखांजूर क्षेत्र के पी.व्ही. 19 गांव में बाघ के पदचिह्न मिले हैं। वन विभाग ने जांच के बाद पदचिह्न बाघ के होने की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि इसी बाघ ने क्षेत्र में एक गाय का भी शिकार किया था।

इसके बाद कांकेर सीमा से लगे महाराष्ट्र के दोढाडा गांव में जंगल की ओर गए ग्रामीण हरीलाल वड्डडे पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

सड़क किनारे दिखा बाघ, वीडियो वायरल

बाघ की मौजूदगी की पुष्टि उस समय और पुख्ता हुई, जब सड़क से गुजर रहे लोगों ने अपनी कार से सड़क किनारे खड़े बाघ का वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। महाराष्ट्र का यह क्षेत्र बाघ कॉरिडोर के रूप में जाना जाता है, लेकिन कांकेर सीमा में बाघ की मौजूदगी को लेकर पहली बार ऐसी स्थिति सामने आई है।

अकेले जंगल की ओर न जाने की अपील

वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल या जंगल से लगे इलाकों में नहीं जाने की अपील की है। विभाग की टीमें बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। अधिकारियों ने लोगों से बाघ दिखाई देने पर उसके करीब नहीं जाने और तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।

Exit mobile version