बिलासपुर में स्कूटी सवार युवक पर तीन बदमाशों ने पीछे से हमला कर उसे गिरा दिया, जिसके बाद चाकू अड़ाकर लूटपाट की

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में स्कूटी सवार युवक पर तीन बदमाशों ने पीछे से हमला कर उसे गिरा दिया, जिसके बाद चाकू अड़ाकर लूटपाट की। वारदात के बाद लुटेरे भाग निकले। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र की है।

ग्राम सेंवार निवासी सुनील यादव सिरगिट्टी स्थित नर्मदा कोल्डड्रिंक्स में हाउसकीपिंग का काम करता है। वह मंगलवार रात करीब 10:30 बजे स्कूटी (सीजी 10 ईडी 9432) से घर लौट रहा था। इसी दौरान तीन बाइक सवार युवकों ने पीछे से आकर उसे थप्पड़ मार दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गया।

चाकू अड़ाकर लूट लिए पैसे और स्कूटी

इसके बाद बदमाशों ने उसकी जेब से पैसे निकाल लिए और मोबाइल की टॉर्च जलाकर उसका चेहरा देख लिया। पीड़ित ने बताया कि उनमें से एक बड़ी आंख वाला काला युवक, दूसरा दाढ़ी वाला ठिगना और तीसरा गोरा-पतला था। बड़ी आंख वाले ने चाकू उसकी गर्दन पर अड़ा दिया, जबकि दाढ़ी वाले ने जेब से पैसे निकाल लिए।

इसके बाद बदमाश उसकी स्कूटी लेकर भागने लगे, लेकिन कुछ दूर जाकर दोबारा लौट आए और धमकी देते हुए फिर से चाकू निकाल लिया। तभी नगपुरा की ओर से आ रही कार की तेज रोशनी देखकर तीनों घबरा गए और स्कूटी व नकदी लेकर सिरगिट्टी की ओर फरार हो गए। पीड़ित ने डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश की।

नाबालिग समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

इस घटना के बाद सीएसपी निमितेश सिंह ने चकरभाठा और ACCU की संयुक्त टीम बनाकर आरोपियों की तलाशने के निर्देश दिए। टीम की सक्रियता से आरोपियों की पहचान सिरगिट्टी के नयापारा में रहने वाले युवकों के रूप में की गई।

इसके बाद पुलिस ने उनके ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में प्रकाश यादव उर्फ रवि यादव (20) पिता पिता गंगा राम यादव, रोहन दास (21) पिता रामदास व एक नाबालिग शामिल हैं। उनके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू, लूट की रकम 395 रुपए और प्लेजर मोपेड बरामद किया गया है।

Exit mobile version