
घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है। ग्राम कर्रा निवासी रिटायर्ड शिक्षक युवराज सिंह प्रधान (63) ने पुलिस को बताया कि सोमवार को कान में दर्द होने पर वे इलाज कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर गए थे। रात करीब सवा 12 बजे वे अपनी कार से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कृष्णा ट्रेडर्स के पास ऑटो क्रमांक CG 10 CD 7944 में सवार युवकों ने उनकी कार के आगे ऑटो अड़ाकर रास्ता रोक दिया।
रिटायर्ड शिक्षक के मुताबिक, ऑटो से 2-3 युवक उतरे और कार का शीशा खटखटाकर उन्हें नीचे उतार लिया। इसके बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए पैसे मांगने लगे। जब शिक्षक ने पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने डंडा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनकी जेब में रखे 1200 रुपए जबरन छीनकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
ऑटो नंबर से पुलिस को मिला सुराग
घटना की शिकायत के बाद रतनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। लूट के दौरान रिटायर्ड शिक्षक ने ऑटो का नंबर देख लिया था। इसी नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
ऑटो अड़ाकर ग्रामीण इलाकों में करते थे लूट
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सरकंडा के बंधवापारा और ईमलीभाठा क्षेत्र के रहने वाले हैं। आरोपी रात के समय ग्रामीण इलाकों में अकेले कार सवारों को देखकर उनके वाहन के आगे ऑटो अड़ा देते थे। इसके बाद रास्ता रोककर लूटपाट करते थे।
पुलिस ने मामले में पवन कुमार गौहर (19), राहुल दुबे (25) और तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।