छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेशभर में यह अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा।

अभियान के तहत रायगढ़ में 1700 छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचने के तरीके बताए गए। उन्हें ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से जुड़ी कई जरूरी जानकारियां दी गईं।

स्कूल-कॉलेजों में छात्रों को ठगी से बचने के बताए तरीके

साइबर जागृति अभियान के तहत DSP उन्नति ठाकुर, सुशांतो बनर्जी और पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव ने ओपी जिंदल स्कूल में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराध के नए तरीकों और उनसे बचने के उपाय बताए।

कोतवाली पुलिस ने गर्ल्स कॉलेज, लॉ कॉलेज और शासकीय ग्रंथालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यहां लोगों को ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की जानकारी दी गई।

खरसिया पुलिस ने आत्मानंद स्कूल में बच्चों को साइबर अपराध और उससे बचाव के तरीके बताए। वहीं भूपदेवपुर थाना प्रभारी रोशन कुमार कौशिक की टीम ने कोड़तराई और भूपदेवपुर के हायर सेकेंडरी स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम किया।

साइबर थाना और चक्रधरनगर थाना की संयुक्त टीम ने बोइरदादर के सेंट टेरेसा और सेंट जेवियर इंग्लिश मीडियम स्कूल में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के बारे में जानकारी दी।

इसी तरह घरघोड़ा पुलिस ने कन्या शाला में और महिला थाना पुलिस ने स्थानीय बच्चों के बीच साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

पुलिस ने साइबर सुरक्षा के जरूरी तरीके बताए

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बताया गया कि OTP, PIN, CVV और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ शेयर न करें।

अनजान नंबर से आने वाली वीडियो कॉल, लिंक, QR कोड और संदिग्ध मैसेज से सावधान रहें। बिना जांचे किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।

सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें। अपनी निजी फोटो और व्यक्तिगत जानकारी भी किसी अनजान व्यक्ति के साथ शेयर न करें।

तुरंत शिकायत करने की दी जानकारी

पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन ऑफर, नौकरी, इनाम, निवेश या लोन के नाम पर पैसे मांगने वालों से सावधान रहें। डिजिटल गिरफ्तारी, KYC अपडेट, बिजली कनेक्शन कटने, बैंक खाता बंद होने या पुलिस अधिकारी बनकर डराने वाली कॉल भी साइबर ठगी हो सकती है।

विद्यार्थियों को मजबूत पासवर्ड रखने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और प्राइवेसी सेटिंग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तुरंत शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।

Exit mobile version