
गुस्से में आकर अमन यदु (16) ने चाकू निकाला, लेकिन आरोपी छात्र ने चाकू छीनकर उसे ही मार डाला। उसने अमन के सीने और गर्दन पर चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामला तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव का है। मारपीट में आरोपी छात्र भी घायल हुआ है। वह अस्पताल में भर्ती है। जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, अमन यदु (16) वार्ड नंबर 1 सासाहोली का रहने वाला था। वहीं आरोपी छात्र (15) भी वार्ड नंबर 1 सासाहोली का निवासी है। उनके घरों के बीच महज करीब 400 मीटर की दूरी थी, इसलिए दोनों एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे और पहले दोस्त भी थे।
दोनों ने सासाहोली के सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में पढ़ाई करते थे और 10वीं कक्षा भी एक साथ पास की थी। कुछ समय पहले 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान आरोपी छात्र ने अमन को “मोटा” कहकर चिढ़ाया था। अमन को यह बात बुरी लग गई थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच नाराजगी बनी हुई थी।
स्कूल की छुट्टी के बाद वारदात
इस बात को लेकर दोनों में मनमुटाव बढ़ता गया और बाद में विवाद की वजह बन गया। अमन ने आरोपी को सबक सिखाने का मन बनाया। शुक्रवार (19 जून) को स्कूल की छुट्टी के बाद जब अमन और आरोपी छात्र घर लौट रहे थे। तभी अमन ने आरोपी छात्र को रास्ते में बुलाया और पुरानी बात को लेकर विवाद करने लगा।