राजधानी रायपुर में शुक्रवार को करंट लगने से मां-बेटे की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesराजधानी रायपुर में शुक्रवार को करंट लगने से मां-बेटे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब मां बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने गई थी। कपड़े उतारने के दौरान जैसे ही उन्होंने जीआई पाइप को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गईं।

मां को करंट से चिपका देख उनका बेटा उन्हें बचाने पहुंचा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मां अपने बेटे के साथ बेटी से मिलने रायपुर आई थीं। उनकी बेटी किराए के मकान में रहती है।

शुरुआती जांच में पता चला कि करंट कूलर से जीआई पाइप में फैला था। घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र की है।

पढ़िए सिलसिलेवार पूरी घटनाक्रम…

मृतकों की पहचान कल्याणी यादव (54) और उनके बेटे मधुसूदन यादव (23) के रूप में हुई है। जो कि धरसींवा क्षेत्र के कूंरा गांव के रहने वाले थे। परिवार खेती-किसानी से जुड़ा है। कल्याणी अपने बेटे के साथ रायपुर में रह रही बेटी से मिलने आई थीं। उनकी बेटी छत्तीसगढ़ नगर में किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है।

शुक्रवार दोपहर कल्याणी कपड़े लेने बालकनी में पहुंचीं। जैसे ही उन्होंने पाइप को छुआ, उन्हें तेज करंट लगा और वह पाइप से चिपक गईं। मां को बचाने के लिए मधुसूदन तुरंत उनकी ओर दौड़ा। उसने जैसे ही उन्हें छुड़ाने की कोशिश की, वह भी करंट की चपेट में आ गया।

कूलर से जीआई पाइप और बालकनी की रेलिंग में फैला करंट

हादसे की जानकारी मिलते ही टिकरापारा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया। इसके बाद दोनों शवों का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर घटना की जांच की जा रही है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि मकान की बालकनी में कपड़े सुखाने के लिए विंडो कूलर और रेलिंग के बीच जीआई पाइप लगाया गया था। इसी पाइप पर कपड़े सुखाए जा रहे थे। आशंका है कि कूलर में करंट आने के बाद बिजली का प्रवाह जीआई पाइप और बालकनी की रेलिंग तक पहुंच गया।

Exit mobile version