छत्तीसगढ़ के धमतरी में प्रशासन ने दो अलग-अलग स्थानों पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के धमतरी में प्रशासन ने दो अलग-अलग स्थानों पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नेशनल हाईवे (NH) की अधिग्रहित भूमि और शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।

यह कार्रवाई धमतरी जिले के ग्राम मुजगहन में की गई, जहां एक मकान और बाउंड्री वॉल को तोड़ा गया। अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ कब्जाधारियों ने पुलिस और प्रशासनिक टीम के साथ नोकझोंक भी की। हालांकि, पुलिस ने उन्हें बुलडोजर की ओर जाने से रोक दिया।

कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। मौके पर नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी सहित एक संयुक्त टीम मौजूद रही, जिसने शांतिपूर्ण ढंग से अभियान को अंजाम दिया।

नायब तहसीलदार दुर्गेश तंवर ने बताया कि ग्राम मुजगहन में ग्राम पंचायत सरपंच ने एक आवेदन दिया था। इसमें वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास शासकीय भूमि पर चार-पांच लोगों द्वारा छोटे मकान बनाकर अतिक्रमण करने की शिकायत की गई थी।

नोटिस दिए जाने के बाद चार-पांच कब्जाधारियों ने अपना कब्जा हटा लिया था, लेकिन एक व्यक्ति ने ऐसा नहीं किया था। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की।

दूसरी कार्रवाई नेशनल हाईवे द्वारा अधिग्रहित भूमि पर की गई। इस भूमि के अनावेदक को पहले ही मुआवजा मिल चुका था और भूमि का अधिग्रहण हो चुका था। इसके बावजूद, उन्होंने वहां बाउंड्री वॉल बनाकर फिर से कब्जा कर लिया था।

इस संबंध में राजस्व न्यायालय में प्रकरण चला था और उन्हें स्वतः कब्जा हटाने के लिए नोटिस भी दिया गया था, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद, राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन और पंचायत की संयुक्त टीम ने आज इन दोनों स्थानों से अवैध कब्जों को हटा दिया।

Exit mobile version