
दोनों मामलों में मामूली विवाद के बाद चाकू से हमला किया गया। एक घटना में हमले का शिकार युवक गंभीर रूप से घायल है, जबकि दूसरे मामले में युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने एक मामले में 2 नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों का खुलासा रायपुर पुलिस के अधिकारी जल्द करेंगे
पहली घटना महादेव घाट रोड पर गणेश मंदिर के पास की है। निषादपारा रायपुरा निवासी कैलाश निषाद (20) अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर लौट रहा था।
इसी दौरान स्कूटी सवार चंगोराभाठा निवासी टीकेंद्र देवांगन (20) ने उसे रोक लिया। पुलिस के मुताबिक, टीकेंद्र ने बिना किसी बातचीत के चाकू से कैलाश पर हमला कर दिया।
हमले में कैलाश घायल हो गया। उसने बचाव में टीकेंद्र से चाकू छीन लिया और उसी से उस पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद टीकेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
घायल कैलाश को उपचार के लिए एम्स रायपुर भेजा गया है। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चंगोराभाठा में युवक पर हमला, इलाज के दौरान मौत
दूसरी घटना 23 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभाठा में हुई। यहां 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने मिलकर भोला पर चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर हालत में भोला को मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 2 अपचारी बालक भी शामिल हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
दोनों मामलों में BNS की हत्या, बलवा और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस घटनाओं के कारणों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। लगातार हुई चाकूबाजी की घटनाओं के बाद इलाके में पुलिस गश्त भी बढ़ाई जा रही है।