
करीब 7 साल पुरानी घटना में पीड़िता ने अब अभनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी का नाम मध्य प्रदेश सागर निवासी आशाराम चौधरी बताया जा रहा है।
पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2019 में वह सिरदर्द की समस्या से परेशान थी। इसी दौरान उसकी पहचान मध्यप्रदेश के सागर निवासी आशाराम चौधरी से हुई। आरोपी झाड़-फूंक के जरिए उसका इलाज करने का दावा करता था। महिला उस समय CMO पद की परीक्षा देने वाली थी।
आरोप है कि आरोपी ने महिला को सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। उसने दावा किया कि वह CMO पद पर उसकी नौकरी लगवा सकता है। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और नौकरी लगाने के नाम पर अलग-अलग समय में उससे 44 लाख 42 हजार रुपए ले लिए।
पैसे लौटाने का भरोसा देता रहा
महिला का आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी लगातार पैसे वापस करने का भरोसा देता रहा। इसी कारण उसने तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की और आरोपी के रुपए लौटाने का इंतजार करती रही।
लेकिन लंबे समय बाद भी न तो उसे नौकरी मिली और न ही आरोपी ने रकम वापस की। इसके बाद पीड़िता ने अभनपुर थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
सागर का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी मध्यप्रदेश के सागर जिले का निवासी है। शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
जांच के दौरान पुलिस 44.42 लाख रुपए के लेन-देन, नौकरी लगाने के दावे और महिला द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।