क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesपेंड्रा। क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है। टीम ने मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ लाई जा रही अवैध विदेशी शराब के 25 पाव बरामद किए हैं। शराब की कुल मात्रा करीब 4.5 लीटर बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि देवरगांव क्षेत्र में दूसरे राज्य से लाई गई शराब अवैध रूप से रखी गई है और उसे खपाने की तैयारी है। सूचना की पुष्टि के बाद विभाग की विशेष टीम ने देवरगांव में दबिश दी।

4.5 लीटर गोवा व्हिस्की बरामद

कार्रवाई के दौरान टीम ने दीपक प्रसाद को पकड़ा। उसके कब्जे से मध्यप्रदेश निर्मित ‘गोवा व्हिस्की’ के 25 पाव मिले। शराब की कुल मात्रा करीब 4.5 लीटर है। पूछताछ में आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद आबकारी टीम ने शराब जब्त कर ली।

आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज

विभाग ने आरोपी दीपक प्रसाद के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के मुताबिक, दूसरे राज्यों से होने वाली शराब की अवैध तस्करी रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version