
इसके बाद उसने वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार युवकों को रोक लिया। इसी बात को लेकर उनके बीच बहस हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान स्कूटी सवार एक युवक ने चाकू निकालकर शिव कुमार की जांघ के ऊपर सामने की तरफ वार कर दिया। चाकू लगने से शिव कुमार सड़क पर गिर गया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक आरोपी दो स्कूटी में सवार होकर आए थे। इनमें चार युवक और एक लड़की के होने की जानकारी सामने आई है। वारदात के बाद आरोपी नेहरू नगर चौक के ब्रिज के नीचे से अंडरब्रिज की तरफ गए और वहां से टाउनशिप की ओर निकल गए।
दोस्त के साथ पहुंचा था नेहरू नगर चौक
पुलिस के अनुसार शिव कुमार सिंह, 151-डी सुभाष चौक, कैंप-1 का निवासी था। वह अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। शिव कुमार को चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था। इसी दौरान उसने आगे जाने के लिए सड़क पर ट्रक से लिफ्ट लेने की कोशिश की।
ट्रक नहीं रुका तो उसने पास से गुजर रही स्कूटी को रोकने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर स्कूटी सवार लोगों से उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और स्कूटी सवार एक युवक ने शिव कुमार पर चाकू से हमला कर दिया।
जांघ के ऊपर चाकू लगने से गंभीर घायल
चाकू शिव कुमार के बाएं पैर में जांघ के ऊपर सामने की तरफ लगा। ज्यादा खून बहने से उसकी हालत गंभीर हो गई। सूचना मिलने पर सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिव कुमार को इलाज के लिए हाईटेक अस्पताल ले गई।
हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान रविवार सुबह शिव कुमार की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को हत्या में तब्दील कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
साथ खड़े दोस्त ने भी नहीं देखा स्कूटी का नंबर
वारदात के समय शिव कुमार का दोस्त शिशांत भी उसके साथ था। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि घटना इतनी तेजी से हुई कि वह आरोपियों की स्कूटी का नंबर नहीं देख सका। इसके बाद पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
सुपेला पुलिस ने नेहरू नगर चौक, ब्रिज के नीचे और अंडरब्रिज की ओर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के बाद आरोपी किस रास्ते से टाउनशिप की ओर भागे।
मामूली बहस के बाद चाकू से हमला
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत लिफ्ट के लिए स्कूटी रोकने की बात को लेकर हुई थी। कुछ ही देर की बहस के बाद स्कूटी सवार एक युवक ने चाकू निकालकर शिव कुमार पर हमला कर दिया।
पुलिस आरोपियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी कौन थे और उनके पास चाकू कहां से आया। सुपेला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।