रायगढ़ जिले में चोरी की वारदातें लगातार सामने आ रही

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले में चोरी की वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। घरघोड़ा में सप्ताहभर के भीतर 5 दुकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपए की चोरी हुई। वहीं, कोतवाली थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में ठेकेदार के घर से अज्ञात चोर करीब 10 लाख रुपए कैश और महंगी शराब की बोतलें लेकर फरार हो गया।

इन दोनों मामलों में पुलिस अब तक चोरों तक नहीं पहुंच सकी है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।

वृंदावन कॉलोनी निवासी ठेकेदार आनंद कुमार सिंघानिया रविवार को अपनी पत्नी के साथ झारसुगुड़ा गए थे। इसी दौरान घर में चोरी हो गई। मंगलवार को उनके कुक ने घर में सामान बिखरा देखा और चोरी की जानकारी दी।

अज्ञात चोर अलमारी में रखा करीब 10 लाख रुपए कैश और महंगी शराब की बोतलें ले गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

CCTV में कैद हुआ चोर, डॉग स्क्वॉड से भी जांच

पुलिस ने घर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें संदिग्ध चोर की तस्वीर कैद हुई है। पुलिस ने उसकी पहचान के लिए तकनीकी जांच के साथ डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली है।घटना को करीब एक सप्ताह हो चुका है, लेकिन आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

घरघोड़ा में 5 दुकानों के ताले तोड़कर चोरी

रायगढ़ से पहले घरघोड़ा में भी चोरों ने लगातार वारदातों को अंजाम दिया था। 21-22 अगस्त की रात अज्ञात चोर पूजा रेस्टोरेंट, प्रियदर्शी वैरायटी होम जनरल मर्चेंट और इंडियन गैस एजेंसी में घुसे। यहां से करीब 44 हजार रुपए कैश चोरी किया गया।

इसके बाद जय स्तंभ चौक के पास संतोष किराना दुकान का ताला तोड़कर करीब 4 लाख रुपए कैश और जेवरात चोरी किए गए। पास की गोकुलचंद मामराज किराना दुकान से भी 1 लाख रुपए से ज्यादा कैश चोरी कर लिया गया।

CCTV फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ जारी

सभी मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

ASP अनिल कुमार सोनी ने बताया कि रायगढ़ और घरघोड़ा में हुई चोरी की घटनाओं में साइबर और पुलिस की टीमें जांच कर रही हैं। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

Exit mobile version