पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने रायपुर संभाग में संचालित विकसित भारत-जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा की

Chhattisgarh Crimesपंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने रायपुर संभाग में संचालित विकसित भारत-जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा की। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेड क्रॉस सभा कक्ष में हुई बैठक में उन्होंने योजनाओं के तय लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।

इस बैठक में संभाग आयुक्त श्याम धावड़े भी मौजूद रहे। विकसित भारत-जी राम जी के तहत जुलाई और अगस्त में सृजित मानव दिवस की समीक्षा की गई। इसके साथ ही पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना, हर ग्राम पंचायत में कार्य स्वीकृति, 90 मानव दिवस रोजगार।

सिक्योर पोर्टल से कार्यों की स्वीकृति, अधूरे मनरेगा कार्यों की पूर्णता, पौधरोपण और बारिश के बाद श्रममूलक कार्यों की योजना पर चर्चा हुई। सचिव ने ग्राम पंचायतों में स्थानीय जरूरत के अनुसार, अधिक से अधिक श्रममूलक कार्य स्वीकृत करने और मानव दिवस बढ़ाने के निर्देश दिए।

आवास योजना के लंबित मामलों पर भी समीक्षा

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, विशेष परियोजना और पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत और पूर्ण आवासों की स्थिति की समीक्षा की गई। सचिव ने लंबित प्रथम किस्त के मामलों का जल्द निराकरण करने और आवास निर्माण में तेजी लाने को कहा।

इसके अलावा आवास सॉफ्ट से अपात्र किए गए हितग्राहियों, जॉब कार्ड, योजनाओं के आपसी समन्वय और ए, बी-सी श्रेणी के मामलों के चिन्हांकन और निराकरण की भी जानकारी ली गई।

ई-केवायसी और भुगतान की स्थिति जांची

लंबित ई-केवायसी, शून्य प्रविष्टि वाले मस्टर रोल, NMMS के जरिए श्रमिकों की उपस्थिति, एसएनए-स्पर्श के माध्यम से भुगतान और युक्तधारा में प्रस्तावित कार्यों की भी समीक्षा की गई। सचिव भीम सिंह ने इन सभी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने R-SETI और RMT के माध्यम से हितग्राहियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने को कहा।

मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

संभाग आयुक्त श्याम धावड़े ने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और उनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मानव दिवस सृजन, आवास निर्माण, लंबित मामलों के निराकरण और अधूरे कार्यों को पूरा करने में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। जिला और जनपद स्तर पर लगातार समीक्षा करने पर भी जोर दिया।

गुणवत्ता और पारदर्शिता का ध्यान रखें

संभाग आयुक्त ने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में रायपुर संभाग के सभी जिलों के जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version