छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बवाल और हिंसा के मामले में फरार आरोपियों की लगातार गिरफ्तारी हो रही

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बवाल और हिंसा के मामले में फरार आरोपियों की लगातार गिरफ्तारी हो रही है। पुलिस ने हिंसा के मास्टरमाइंड सोहेल खान समेत 6 आरोपियों का पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान बवाल मचाने वाले सोहेल का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह कट्टा लहराते नजर आ रहा है। इसी कट्टे से उसने फायरिंग की थी, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस अब तक दोनों पक्षों के 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें सोहेल खान गुट के 17 और ठाकुर राम सिंह गुट के 3 आरोपी शामिल हैं। वहीं, दूसरे पक्ष के कुछ आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

जानिए क्या है पूरा विवाद और क्यों हुआ पथराव

दरअसल, 28 अगस्त की रात खपरगंज में युवकों के दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणी और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव होने लगा। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने और लाठीचार्ज करना पड़ा। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। इसमें तारबाहर टीआई रवि तिवारी समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग केस दर्ज किए हैं।

कट्टा लहराते और हवाई फायर करते दिखा सोहेल

घटना के बाद पुलिस ने खपरगंज और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस पथराव, मारपीट, तोड़फोड़ और भीड़ को उकसाने वालों की पहचान कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, एक वायरल CCTV फुटेज में आरोपी सोहेल खान हाथ में पिस्टल लहराते और हवाई फायर करते हुए दिखाई दे रहा है।

Exit mobile version