
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के कब्जे से करीब 40 हजार रुपए कीमत का iPhone और धारदार चाकू बरामद किया है। उसका दूसरा साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम कर्रा निवासी राजीव कौशिक अपने साथियों निरंजन कौशिक और राज केंवट के साथ 2 सितंबर की शाम करीब 5:40 बजे बाइक से गतौरा कोलवाशरी ड्यूटी जा रहे थे। वे गतौरा रेलवे अंडरब्रिज के नीचे पहुंचे ही थे कि फरहदा की ओर से स्कूटी पर आए दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने स्कूटी की डिक्की से चाकू निकालकर धमकाया और राज केंवट से iPhone छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धारदार चाकू से हमला कर दिया।
गर्दन और हाथ में लगी चोट
हमले में पीड़ितों की गर्दन और बाएं हाथ में चोटें आईं। इसके बाद आरोपी मोबाइल लेकर स्कूटी से फरार हो गए। घटना की शिकायत के बाद मस्तूरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मस्तूरी पुलिस और ACCU की टीम ने आसपास के CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। इसके आधार पर बूटापारा, तोरवा निवासी राजकुमार ध्रुव (27) को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राजकुमार ने देवरीडीह निवासी शिवम के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर लूटा गया iPhone और वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू बरामद किया गया।
आरोपी जेल भेजा, साथी की तलाश जारी
पुलिस ने राजकुमार ध्रुव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में फरार आरोपी शिवम की तलाश की जा रही है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।