मुंगेली जिले में बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे 130 पर नारायणपुर के पास एक अज्ञात ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी

Chhattisgarh Crimesमुंगेली जिले में बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे 130 पर नारायणपुर के पास एक अज्ञात ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

यह घटना तब हुई जब तीनों युवक बैतलपुर से अपने एक रिश्तेदार के दशगात्र कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। घायल को सरगांव के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह मामला सरगांव थाना क्षेत्र का है।

हादसे में दो की मौके पर मौत

हादसे में बेमेतरा के 20 साल के चोलाराम साहू (ग्राम भिलौनी, बेमेतरा) और मुंगेली के 19 साल के सागर यादव (ग्राम पीपरलोड, सरगांव थाना क्षेत्र, मुंगेली) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 26 साल के सूरज यादव (मुंगेली) गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल सूरज यादव को इलाज के लिए सरगांव के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

एसडीओपी हरविंदर सिंह ने बताया कि बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत हुई है, जबकि एक युवक घायल है। उसका सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे की जांच के साथ अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version